Bihar Chunav:
सिटी पोस्ट लाइव :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी में सभी दल जुटे हैं. महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खिंचतान तेज हो गयी है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 150 से अधिक सीटों पर दावा कर रहा है, जबकि भाकपा (माले) ने 40-45 और भाकपा ने 24 से अधिक सीटों की मांग की है. अब एक बार फिर कांग्रेस ने 90 सीटों पर दावेदारी पेश कर दी है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बिहार में 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है.
कांग्रेस पार्टी ने इन सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा है: श्रेणी ‘ए’ में 50 सीटें, श्रेणी ‘बी’ और ‘सी’ में 18-18 सीटें शामिल हैं. कांग्रेस, जो 2020 के चुनाव में 70 सीटों पर लड़ी थी और 19 सीटें जीती थी, इस बार अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए ज्यादा सीटों पर दावा कर रही है. श्रेणी ‘ए’ में शामिल 50 सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस का मजबूत जनाधार है और जीत की संभावना अधिक है. श्रेणी ‘बी’ में 18 सीटें हैं, जहां पार्टी ने पिछले चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था. लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. श्रेणी ‘सी’ की 18 सीटें ऐसी हैं, जहां जीत की संभावना कम है, लेकिन पार्टी रणनीतिक रूप से उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है.
कांग्रेस की यह रणनीति महागठबंधन में उसकी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश का हिस्सा है. 2020 में महागठबंधन की हार का ठीकरा कांग्रेस पर फूटा था, क्योंकि उसे कई ऐसी सीटें दी गई थीं, जहां गठबंधन पहले से कमजोर था. इस बार पार्टी ऐसी सीटों पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां वह जीत हासिल कर सकती है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने इन 90 सीटों के लिए सर्वे कराया है और जीत की संभावना के आधार पर उम्मीदवारों का चयन करेगी.