Bihar Weather Today:
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में मानसून ने दगा दे दिया है. जुलाई के महीने में मई वाली गर्मी महसूस हो रही है. आसमान साफ रहने की वजह से तेज और तीखी धूप लगातार बनी हुई है. इस वजह से तापमान भी 40°C के पास पहुंच गया है. बिहार के 14 जिलों का अधिकतम तापमान 35°C से अधिक दर्ज किया जा रहा है. मंगलवार को तो रोहतास छोड़ पूरे बिहार में कहीं भी बूंदाबांदी भी दर्ज नहीं हुई.
आज 9 जुलाई को मौसम शुष्क और तापमान 35°C से 40°C के बीच रहने के आसार हैं.भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल सहित उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों के एक या दो जगहों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. इसके अलावा पटना, गया सहित शेष सभी 13 जिलों के कुछ जगहों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. मंगलवार को बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.6°C गोपालगंज में दर्ज किया गया. मोतिहारी का 37.8°C, मधुबनी का 37.5°C, बक्सर और भोजपुर का 37.1°C, छपरा का 36.7°C, दरभंगा और ज़िरादेई का 36.8°C, फारबिसगंज का 36.6°C, पटना का 36.4°C दर्ज किया गया.
बिहार में मानसून सीजन के दौरान 8 जुलाई तक सामान्य बारिश 252.2 मिमी होनी चाहिए. पर अबतक मात्र 130.1 मिमी ही वर्षा हुई है. उत्तर बिहार में बारिश की कमी सबसे ज्यादा है. मधेपुरा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, सारण शिवहर, बेगूसराय खगड़िया, मधुबनी, सुपौल, दरभंगा, वैशाली, पूर्णिया, गोपालगंज, अरिया में 50 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है. वहीं, दक्षिण बिहार के भोजपुर और अस्वल में भी यही हालात है. कई वर्षों के बाद ऐसा हुआ है जब दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार में कम बारिश हुई है.