सिटी पोस्ट लाइव :बिहार के मौसम मे बदलाव आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों में मानसून बिहार में प्रवेश कर सकता है. राजधानी पटना के लोगों को मंगलवार की सुबह आसमान में बादल देखने को मिले, जिससे सुबह के समय हो रही उमस अचानक से कम हो गई. राज्य के कुछ हिस्सों मे दो दिन से बारिश होने से गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन 14 लोगों की जान चली गई है.केवल बक्सर और बाघ मे ही 6 लोगों की थानक गिरने से जान चली गई है.
बिहार के बगहा (पश्चिम चंपारण) और बक्सर जिलों में सोमवार को बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई. आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पहली त्रासदी बगहा के रामनगर ब्लॉक के मेघवाल मठिया गांव में हुई, जहां अचानक आई आंधी के दौरान बिजली गिरने से शहाबुद्दीन अंसारी और अफसर अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई.बगहा में एक बगीचे में पेड़ों के नीचे शरण लिए हुए लोग अचानक बिजली गिरने से घायल हो गये . शमीम अंसारी, अजीम मियां और धीरज गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
बक्सर के चौसा और राजपुर थाना क्षेत्रों में चार लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. चौसा में गंगा नदी के किनारे बैठे ग्रामीणों के एक समूह पर वज्रपात हुआ. मृतकों में मिथलेश राम (22), भगवान उर्फ झोला सिंह (60) और वीरेंद्र गोंड (45) शामिल हैं. फिलहाल इन सभी का बक्सर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. चौसा थाना प्रभारी शंभू भगत ने बताया कि उनके क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हुई और तीन लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा है.