सिटी पोस्ट लाइव : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी ने विधानसभा चुनाव में 20 सीटों पर चुनाव लड़ने का एकबार फिर से दावा कर दिया है.जहानाबाद के घोसी हाई स्कूल के मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर चार रोटी में एक रोटी हिस्सा होता है तो हम कोना लेकर नहीं रहेंगे. अपना हिस्सा लेकर रहेंगे. हम आम जनता को कह रहे हैं कि 20 सीट जीत कर देंगे.
इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि उनको कुछ समझ में नहीं आता है.तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर दिए जा रहे बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जीतनराम मांझी ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले खुद अपना मेडिकल रिपोर्ट जारी करें.उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कोई आंदोलन के नेता नहीं है. कभी भी आंदोलन नहीं किए हैं, इसीलिए बजट के बारे में कुछ भी समझ में नहीं आता है.तेजस्वी यादव एक समूह के नेता है इसीलिए इधर-उधर की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा में जितना मिलना चाहिए था उतना इस बजट में मिला है. मांझी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है. इसी को लिए 2025 का बजट काफी महत्वपूर्ण है