सिटी पोस्ट लाइव
पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री, ऋतुराज सिन्हा ने पार्टी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के मौके पर सभी कार्यकर्ताओं और करोड़ों समर्थकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं, जो अपनी वोटिंग के जरिए पार्टी के सिद्धांतों का समर्थन करते आए हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि देश में अनेक राजनीतिक दल हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसने लोकतंत्र के गर्भ से जन्म लिया और लोकतंत्र के मूल्यों से पोषित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के 10 लाख से अधिक बूथ अध्यक्ष समर्पण भाव से दिन-रात देश सेवा में लगे हुए हैं और इस स्थापना दिवस पर प्रत्येक बूथ पर इसे एक महापर्व के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य देश की सेवा करना है, न कि सिर्फ सत्ता प्राप्त करना। आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, जो कच्छ से लेकर पूर्वोत्तर, कश्मीर से लेकर केरल तक अपनी पहचान बना चुकी है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता बिना किसी परिवारवाद या जातिवाद के संगठन की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन सकता है, और यही भाजपा को दूसरी पार्टियों से अलग करता है।
श्री सिन्हा ने उन नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने भाजपा की नींव रखी, और उन सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया, जिन्होंने पार्टी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी जी के “नेशन फर्स्ट”, “एक भारत श्रेष्ठ भारत” और “विकसित भारत” के दृष्टिकोण को अपनाते हुए अपनी पूरी क्षमता से योगदान करें और पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत को पूरा करें।