तेजस्वी यादव का जनता को खुला पत्र, नीतीश राज पर सवालों की बौछार.
सिटी पोस्ट लाइव : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले ताबड़तोड़ बड़े बड़े ऐलान कर विपक्ष की नींद उड़ा दी है.उनकी सबसे तगड़ी योजना 94लाख गरीब परिवारों को 2-2 लाख रूपये देने का है.इसके पहले वो सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलनेवाली वृद्ध पेंशन, विधवा पेंशन को तीन गुना बढ़ा चुके हैं.अब जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव इसे अपने दबाव का नतीजा बताने में जुटे हैं.
आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की जनता को संबोधित करते हुए एक नए, समृद्ध और प्रगतिशील बिहार का खाका पेश किया है.उन्होंने पिछले 20 वर्षों की एनडीए सरकार की नाकामियों को उजागर किया है.अपनी 17 महीने की महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में किए गए कार्यों को गिनाया है.तेजस्वी ने बिहार को देश का नंबर एक राज्य बनाने का संकल्प दोहराया है.
तेजस्वी ने अपने 17 महीने के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 5 लाख नौकरियां दीं और साढ़े 3 लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन कीं, जिससे उनकी इच्छाशक्ति और विजन का प्रमाण मिलता है.उन्होंने कहा, “हमने दिखा दिया कि अगर लगन, मेहनत और जोश हो, तो असंभव भी संभव हो जाता है. उन्होंने एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार 20 साल तक “असंभव” का बहाना बनाकर जनता को भ्रमित करती रही.
जातिगत जनगणना को समय और न्याय की मांग बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार की एकता ने इसे संभव बनाया, जिसका लाभ पूरे देश को मिला.
तेजस्वी यादव ने 65 प्रतिशत आरक्षण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और वचन दिया कि उनकी सरकार बनने पर डोमिसाइल नीति लागू होगी, जो बिहारियों की आन-बान-शान और गरिमा को सुनिश्चित करेगी.उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर एनडीए सरकार को घेरा और कहा कि उनकी सरकार ने 94 लाख गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये देने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का वादा किया, जिसने एनडीए को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया.