सिटी पोस्ट लाइव : प्रचंड गर्मी यूरोप से लेकर अमेरिका और मिडिल ईस्ट तक हाहाकार मचा रही है. सोशल मीडिया पर तथाकथित कारों के पिघलने की हैरतअंगेज रीलें वायरल हो रही हैं. हर साल, हम गर्मी में लू के थपेड़ों और पारा हाई होने के चलते कारों के बोनट पर अंडे का आमलेट बनाने, आलू-बैंगन का भर्ता बनने और गाड़ियों का डैश बोर्ड में रखा सामान खराब होने जैसी बड़ी-बड़ी कहानियां सुनते हैं. लेकिन 2025 की गर्मियों में मई के आखिरी दिनों में कथित तौर पर सबसे ताज़ा चर्चा दुबई में कारों के पिघलने की हो रही है.
इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दुबई-एलिवेटेड और लोकल्स दुबई जैसे अकाउंट से एक रील सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि अत्यधिक गर्मी के कारण दुबई में कारें पिघल रही हैं. रील में लिखा है – ‘तेज गर्मी के कारण दुबई में कारें पिघल रही हैं’.हालांकि ये पहला मौका नहीं है जब इस तरह की रील पोस्ट करके सनसनी फैलाई गई हो. कुछ साल पहले भी इसी तरह का वीडियो दिखाकर दावा किया गया था कि सऊदी अरब में गर्मियों में कारें पिघल रही हैं. बाद में ये साबित हुआ कि वीडियो और खबर दोनों फर्जी थी क्योंकि यह क्लिप एरिजोना में एक निर्माण स्थल पर आग लगने की घटना से जुड़ी थी.