बिहार में शराबबंदी की धज्जियां उड़ाते हुए होमगार्ड पकड़ा गया, वायरल वीडियो में दिया अजीब तर्क

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र का है, जहां एक होमगार्ड शराब के साथ पकड़ा गया। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी होमगार्ड ने अपनी सफाई में एक अजीब तर्क दिया।

वीडियो में दिखाया गया है कि एक व्यक्ति ने एक खाकी वर्दी में तैनात होमगार्ड जवान को सड़क पर रोका और उसके बैग की तलाशी लेने के लिए कहा। जब बैग की जांच की गई, तो उसमें से शराब की बोतल निकली। इसके बाद, युवक और होमगार्ड के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वीडियो में होमगार्ड जवान यह कहते हुए दिखाई देता है कि उसके पिता बीमार हैं और वह उनके लिए शराब ले जा रहा था। जैसे ही वीडियो बनते देख होमगार्ड को अपनी गलती का अहसास हुआ, उसने शराब की बोतल को कुछ दूरी पर फेंक दिया और थोड़ी देर बाद अपनी बाइक से वहां से निकल गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद बिहार के मधुबनी जिले के एसपी योगेंद्र कुमार ने तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति सुशील कुमार, जो बिस्फी थाने में तैनात था, बिहार होमगार्ड का जवान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सुशील कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया और उसकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। साथ ही, आरोपी होमगार्ड पर प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।

बिहार में शराबबंदी के बावजूद ऐसे मामलों का सामने आना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। इस घटना के बाद अब पुलिस प्रशासन शराब के अवैध कारोबार को रोकने के लिए और सख्त कदम उठाने की बात कर रहा है।

Share This Article