जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने मकर संक्रांति पर होने वाले चूड़ा-दही भोज को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को औपचारिक निमंत्रण दिया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल और दोनों उप मुख्यमंत्रियों को भी न्योता भेजा जाएगा।
तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा है, न कि किसी राजनीतिक उद्देश्य से। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन पार्टी की ओर से चूड़ा-दही भोज आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे बिहार से लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, इस मौके पर तेज प्रताप यादव ने उत्तराखंड की एक मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई।
हालांकि, उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वालों को सिर्फ माफी मांगकर नहीं छोड़ा जा सकता। तेज प्रताप ने कहा कि अगर सच में पछतावा है तो उन्हें बिहार आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि बिहार की बेटियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।