बिहार की सियासत में पोस्टर पॉलिटिक्स एक बार फिर सुर्खियों में है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के जन्मदिन से पहले पटना की सड़कों पर जश्न का माहौल नजर आ रहा है। 9 नवंबर को 36 साल के होने जा रहे तेजस्वी को खास महसूस कराने के लिए राजद समर्थकों ने शहरभर में बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर अपने नेता के प्रति उत्साह और समर्थन जाहिर किया है।
तेजस्वी यादव के जन्मदिन से पहले पटना की सियासी हवा में लाल रंग और जोश दोनों घुल गए हैं। राजधानी की सड़कों, चौक-चौराहों और प्रमुख इलाकों में जगह-जगह लगे विशाल पोस्टर नेता प्रतिपक्ष के प्रति समर्थकों के उत्साह को बयां कर रहे हैं। इन पोस्टरों में वे हाथ जोड़े नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पास ही ‘CM of Bihar’ लिखी एक प्रतीकात्मक कुर्सी बनी हुई है। वहीं, पोस्टरों में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और राजद के अन्य प्रमुख नेताओं की तस्वीरें भी शामिल की गई हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व की एकजुटता और भावनात्मक जुड़ाव झलकता है। दरअसल, पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है कि “गरीबों, महिलाओं, अतिपिछड़ों, अल्पसंख्यकों और दलितों को आर्थिक न्याय दिलाने के कृतसंकल्पित तेजस्वी जी को जन्मदिन का उपहार। हर घर नौकरी देने के संकल्प के साथ बिहार की जनता की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई। भारतवर्ष के होने वाले सबसे युवा मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।” पार्टी नेताओं का कहना है कि तेजस्वी यादव ने युवाओं, किसानों और बेरोजगारों के हित में जो पहल की है, उसने जनता के बीच नई उम्मीद जगाई है। समर्थक कल उनके जन्मदिन पर ‘कलम वितरण अभियान’ भी चलाएंगे, जो शिक्षा और रोजगार के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
राजद सचिव अरुण कुमार यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दी जा चुकी हैं और पूरा बिहार उनके नेतृत्व में बदलाव की उम्मीद देख रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में जनता ने वर्तमान सरकार के खिलाफ बढ़-चढ़कर वोट किया है, जो आने वाले परिणामों की दिशा तय कर रहा है। अरुण यादव के मुताबिक, बिहार की जनता इस बार उनको “मुख्यमंत्री की कुर्सी” उपहार में देने के मूड में है। उन्होंने कहा, “कल का दिन सिर्फ जन्मदिन नहीं, बल्कि बिहार के भावी मुख्यमंत्री के रूप में तेजस्वी जी का उत्सव होगा। पार्टी कार्यकर्ता उन्हें प्रतीकात्मक रूप से सीएम उम्मीदवार के तौर पर सेलिब्रेट करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा और रोजगार के संदेश के रूप में ‘कलम वितरण अभियान’ भी चलाया जाएगा।”