सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच शुक्रवार को पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का हेलीकॉप्टर अचानक तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सका। बताया जा रहा है कि चिराग पासवान एनडीए समर्थित भाजपा विधायक उमाकांत सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
सुबह 10:15 बजे चिराग पासवान चनपटिया के एफसीआई मैदान में पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में जनता से वोट देने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार न्याय के साथ विकास का प्रतीक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने लगातार प्रगति की है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और राज्य के हर वर्ग के विकास के लिए काम हो रहा है।
चिराग ने अपने भाषण में महादलित, पिछड़ा वर्ग और युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “बिहार अब जंगलराज से निकलकर सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है।”
करीब 11:10 बजे सभा समाप्त होने के बाद जब चिराग पासवान हेलीकॉप्टर से लौटने के लिए हेलीपैड पहुंचे, तो पायलट ने तकनीकी खराबी की सूचना दी। इसके बाद चिराग पासवान मैदान में ही रुक गए और हेलीकॉप्टर की मरम्मत का इंतजार करने लगे। स्थानीय प्रशासन और तकनीकी दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटे हैं।
करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी हेलीकॉप्टर के ठीक होने की प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान चिराग पासवान समर्थकों से मिलते रहे और फोटो खिंचवाते नजर आए। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच प्रशासन ने उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी भी शुरू कर दी। यह घटना चुनावी गर्मी के बीच सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों पर भी सवाल खड़े करती है।