सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना में जन्माष्टमी की धूम के बीच उस समय मातम का माहौल छा गया, जब एक युवक ने देर रात मरीन ड्राइव से गंगा नदी में छलांग लगा दी। यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। युवक अपने दोस्तों के साथ मरीन ड्राइव घूमने गया था, तभी अचानक उसने यह कदम उठा लिया।
युवक की पहचान मंटू के रूप में हुई है, जो बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और बाकरगंज इलेक्ट्रॉनिक मंडी में एक दुकान में काम करता था। उसके दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन मंटू ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी।
दोस्तों ने तुरंत मंटू के भाई को फोन पर इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को बुलाया गया।
कल रात से ही टीमें युवक को गंगा में खोजने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन अभी तक उसे ढूंढने में सफलता नहीं मिली है। युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और गहरे सदमे में हैं। फिलहाल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से मंटू की तलाश में जुटी हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।