एम्स पटना में करीब 44.50 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस मामले में संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार जालान की ओर से फुलवारी शरीफ थाने में चीफ कैशियर अनुराग अमन के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आंतरिक ऑडिट के दौरान कैश बुक, भुगतान रजिस्टर और बैंक खातों के मिलान में बड़ी वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं। कई लेन-देन बिना वाउचर, दस्तावेज और सक्षम अधिकारी की अनुमति के किए गए थे। ऑडिट रिपोर्ट में लगभग 44.50 लाख रुपये का हिसाब नहीं मिला। वहीं, ऑडिट रिपोर्ट सामने आने के बाद एम्स प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कैशियर को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने रकम शेयर बाजार में लगाने की बात स्वीकार की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोष सिद्ध होने पर कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मरीजों की इलाज सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।