AIMIM ने लालू यादव को लिखा पत्र, महागठबंधन में शामिल कर साथ चुनाव लड़ने की मांग

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को एक महत्वपूर्ण पत्र लिखते हुए महागठबंधन में शामिल किए जाने की मांग की है। AIMIM बिहार प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल इमान ने पत्र के माध्यम से आग्रह किया है कि आगामी चुनावों में सभी सेक्युलर दल एकजुट होकर लड़ें, जिससे सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से दूर रखा जा सके।

अख्तरुल इमान ने पत्र में स्पष्ट किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव और इससे पहले के विधानसभा चुनावों में AIMIM को महागठबंधन का हिस्सा नहीं बनाए जाने का खामियाजा पूरे सेक्युलर वोट बैंक को भुगतना पड़ा। उनका कहना है कि यदि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें एक मंच पर आतीं, तो सांप्रदायिक दलों को सत्ता में आने से रोका जा सकता था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पत्र में यह भी कहा गया है कि AIMIM ने महागठबंधन के अन्य सहयोगी दलों से भी इस मुद्दे पर चर्चा की है और अपनी मंशा से उन्हें अवगत कराया है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि आगामी विधानसभा और अन्य चुनावों के लिए एक मजबूत सेक्युलर गठजोड़ तैयार किया जा सके।

अख्तरुल इमान के मुताबिक, सेक्युलर वोटों के बिखराव ने ही भाजपा और अन्य दक्षिणपंथी ताकतों को सत्ता में आने का अवसर दिया। AIMIM का मानना है कि साझा रणनीति और एकजुटता ही इसका जवाब है। पत्र की एक कॉपी और प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान का वीडियो बयान भी सार्वजनिक किया गया है, जिसमें उन्होंने यह बातें विस्तार से रखी हैं।

Share This Article