सिटी पोस्ट लाइव
देशभर में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के मामलों के बीच बिहार स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। सहरसा जिले में संभावित संक्रमण को देखते हुए सदर अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में कोविड वार्ड स्थापित किया गया है, और जांच के लिए अलग से काउंटर खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. केके मिश्रा ने बताया कि फिलहाल जिले में कोरोना के किसी नए मामले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी तैयारी की जा रही है। अस्पताल में कोविड वार्ड के लिए 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज शुरू किया जा सके।
ऑक्सीजन प्लांट फिर से होगा चालू
2021 में पीएम केयर्स फंड से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट, जो कुछ समय बाद बंद हो गया था, उसे अब पुनः चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्पताल के सभी 300 बेड तक ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि, “फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहना चाहिए। यदि कोई मामला सामने आता है, तो अस्पताल में इलाज की पूरी व्यवस्था पहले से मौजूद रहेगी।”
स्वास्थ्य विभाग की इस सक्रियता से जिले के लोगों को आश्वासन मिला है कि कोरोना की किसी भी संभावित लहर से निपटने के लिए तैयारियां पूरी हैं।