पटना में बैंकों के साथ ATM भी ‘खाली’: 5-डे बैंकिंग की मांग पर अड़े कर्मचारी, आर-ब्लॉक पर प्रदर्शन से थमी शहर की रफ्तार!..

Ritu Raj

आज 27 जनवरी को देशभर के सरकारी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी और अधिकारी एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर हैं। पटना के आर-ब्लॉक समेत देश के विभिन्न हिस्सों में बैंककर्मी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण ‘5-डे बैंकिंग’ (सप्ताह में 5 दिन काम) की मांग को लेकर सरकार का टालमटोल वाला रवैया है।

हड़ताल का मुख्य कारण और मांगें;
बैंक यूनियन के नेताओं का कहना है कि मार्च 2024 के समझौते में सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बन गई थी, लेकिन सरकार इसे लागू करने में अनावश्यक देरी कर रही है। कर्मचारियों का तर्क है कि वे सोमवार से शुक्रवार तक अतिरिक्त समय काम करने को तैयार हैं, बशर्ते उन्हें शनिवार की छुट्टी दी जाए। 23 जनवरी को सरकार के साथ हुई वार्ता विफल होने के बाद यूनियनों ने आज काम रोकने का कड़ा फैसला लिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बैंकिंग सेवाओं पर असर;
प्रभावित बैंक: SBI, PNB, और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे बड़े बैंकों में नकदी जमा, निकासी और चेक क्लीयरिंग का काम ठप है।
कैश की किल्लत: चूंकि पिछले दो दिनों से बैंक बंद थे, इसलिए लगातार तीसरे दिन काम न होने से कई इलाकों में नकदी का संकट पैदा हो गया है।
ATM की स्थिति: हालांकि नेट बैंकिंग चालू है, लेकिन कई शहरों में बैंकों के एटीएम खाली होने से ग्राहकों को परेशानी हो रही है।

कहां कामकाज है सामान्य?
राहत की बात यह है कि निजी क्षेत्र के बड़े बैंकों पर इस हड़ताल का खास असर नहीं पड़ा है। HDFC, ICICI और Axis Bank जैसे निजी बैंकों की शाखाएं खुली हैं वहां कामकाज और लेनदेन सामान्य रूप से चल रहा है। बैंक यूनियनों का कहना है कि यह हड़ताल उनकी मजबूरी है क्योंकि सरकार उनकी वाजिब मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। यदि जल्द ही अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज हो सकता है।

Share This Article