सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद जन सुराज पार्टी के भीतर मचे मंथन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भोजपुरी सिनेमा के ‘पावरहाउस’ कहे जाने वाले गायक और करगहर विधानसभा सीट से जन सुराज के प्रत्याशी रहे रितेश पांडेय ने पार्टी छोड़ दी है। सोमवार, 12 जनवरी 2026 को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए अपने इस्तीफे की घोषणा की।
“हार का अफसोस नहीं, पर पार्टी के साथ सेवा संभव नहीं”
रितेश पांडेय ने अपने विदाई संदेश में बेहद सधे हुए शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने लिखा, “एक जिम्मेदार भारतीय होने के नाते मैंने जन सुराज के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। परिणाम पक्ष में नहीं रहे, लेकिन मुझे इसका अफसोस नहीं है क्योंकि मैंने अपना काम ईमानदारी से किया।”
रितेश ने आगे लिखा कि वे एक मामूली किसान परिवार के लड़के हैं और जनता ने उन्हें जो प्यार-सम्मान दिया है, वे उसी माध्यम (कला) से सेवा जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहकर स्वतंत्र रूप से काम करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है, इसलिए वे पद और सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
करगहर से मिली थी शिकस्त
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2025 में प्रशांत किशोर ने रितेश पांडेय पर बड़ा दांव खेलते हुए उन्हें रोहतास की करगहर सीट से उम्मीदवार बनाया था। पीके ने स्वयं रितेश के लिए सघन चुनाव प्रचार किया था और दावा किया था कि नई सोच के युवा ही बिहार बदलेंगे। हालांकि, चुनाव परिणामों में जन सुराज का खाता तक नहीं खुल सका और रितेश पांडेय को भी करारी हार का सामना करना पड़ा।
जन सुराज के लिए खतरे की घंटी?
चुनाव से पहले प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि उनकी पार्टी किंगमेकर बनेगी या सरकार बनाएगी, लेकिन एक भी सीट न जीत पाना पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल के लिए घातक साबित हुआ। रितेश पांडेय जैसे चर्चित चेहरे का जाना जन सुराज के लिए एक बड़ा सांगठनिक नुकसान माना जा रहा है। अब चर्चा इस बात की है कि क्या रितेश दोबारा अपनी फिल्मी दुनिया में लौटेंगे या किसी अन्य बड़ी राजनीतिक पार्टी का दामन थामेंगे।