बिहार की राजनीति में एक बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बुधवार को अचानक जदयू (JDU) प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं का उत्साह और नारेबाजी;
निशांत कुमार के पार्टी दफ्तर पहुँचते ही वहां मौजूद समर्थकों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और ‘बिहार का CM कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ के नारे लगाए। 8 मार्च को पार्टी की आधिकारिक सदस्यता लेने के बाद से निशांत राजनीति में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं।

दिग्गजों की मौजूदगी;
उस वक्त कार्यालय में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर बुधवार को पार्टी दफ्तर में ‘जनता दरबार’ का आयोजन होता है, जहाँ लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। निशांत कुमार की मौजूदगी पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उन्हें भविष्य के नेता के रूप में देखना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।

राजनीतिक सफर की शुरुआत;
निशांत ने पिछले रविवार (8 मार्च) को ही जदयू का दामन थामा था। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई थी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह समेत कई दिग्गज नेता उपस्थित थे। सदस्यता लेने के बाद निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार का आशीर्वाद लेकर अपनी राजनीतिक पारी का आगाज़ किया।