बिहार विधानसभा चुनाव 2025: राहुल गांधी आज भागलपुर में करेंगे रैली, कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के लिए मांगेगे वोट

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में वोट मांगेंगे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात की विशेष तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी की रैली दोपहर 12:55 बजे शुरू होगी। वे पहले बांका के अमरपुर में सभा करेंगे, उसके बाद सड़क मार्ग से भागलपुर पहुंचेंगे। सैंडिस कंपाउंड में होने वाली इस जनसभा में महागठबंधन के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। मंच पर झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय, कांग्रेस नेता अलका लांबा और अन्य जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

राहुल गांधी ने 14 साल पहले, 20 अप्रैल 2024 को इसी मैदान में लोकसभा चुनाव के दौरान सभा की थी। इस बार वे भागलपुर विधानसभा से अजीत शर्मा, कहलगांव से प्रवीण सिंह कुशवाहा और सुलतानगंज से ललन कुमार के समर्थन में प्रचार करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उनके दौरे को लेकर खासा उत्साह है।

प्रशासन ने तीन हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की है। महिलाओं और वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष पंक्ति बनाई गई है। सभा स्थल के चारों ओर सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया है और डी घेरे को बांसबल्लों से मजबूत किया गया है। प्रवेश द्वार पर प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए विशेष योजना बनाई है। नाथनगर की ओर से आने वाले वाहनों को लाजपत पार्क और जिला स्कूल में पार्क कराया जाएगा, जबकि अमरपुर दिशा से आने वाले वाहनों के लिए मुस्लिम इंटर हाई स्कूल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विक्रमशिला पुल की ओर से आने वाले वाहनों को तिलकामांझी बस स्टैंड के पास रोका जाएगा।

अतीत में दिसंबर 2009 में राहुल गांधी ने इसी सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में युवाओं से संवाद किया था, जो चार घंटे तक चला था। इस बार भी कांग्रेस संगठन ने रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने दावा किया है कि इस बार की सभा “ऐतिहासिक” होगी और 10 हजार से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद है।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की साझा रैली को लेकर महागठबंधन के समर्थकों में भारी जोश देखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में पूरे कार्यक्रम की कड़ी निगरानी की जाएगी ताकि जनसभा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article