सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच चुकी है। सभी दलों के बड़े नेता प्रचार अभियान में जुटे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को शिवहर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने कई बड़े एलान किए, जिनमें सीतामढ़ीअयोध्या रामजानकी पथ का निर्माण और बिहार में रक्षा गलियारा (डिफेंस कॉरिडोर) स्थापित करने का वादा प्रमुख रहा।
अमित शाह ने कहा कि “भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता जानकी के धाम सीतामढ़ी को जोड़ने वाला श्रीरामजानकी पथ 550 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा।” उन्होंने घोषणा की कि “सीता मंदिर में मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा के दिन सीतामढ़ी से अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की जाएगी।”
गृह मंत्री ने कहा कि मिथिला और कोशी क्षेत्र की बाढ़ की समस्या को समाप्त करने के लिए 11,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं जारी हैं। उन्होंने बताया कि सोनबरसा नानपुर में 505 एकड़ में औद्योगिक पार्क और मिथिलांचल को 500 करोड़ रुपए की लागत से वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
शाह ने दावा किया कि बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद राज्य का औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा। उन्होंने कहा, “एनडीए की सरकार बिहार में डिफेंस कॉरिडोर बनाएगी, हर जिले में एमएसएमई इकाइयाँ और औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।” अमित शाह ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर हवाई अड्डों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करेगी और हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा।
अपने भाषण के दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “14 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक राजद का सफाया हो जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि शिवहर के पुनौरा धाम में 850 करोड़ रुपए की लागत से सीता मंदिर के लिए भूमि पूजन किया गया है, जिससे मिथिला क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई ऊँचाई मिलेगी।