सिटी पोस्ट लाइव
बिहार एनडीए (NDA) गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रहा गतिरोध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। सहयोगी दलों- जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की लगातार बढ़ती मांगों के बीच, इस जटिल मसले को सुलझाने के लिए अब बीजेपी के ‘चाणक्य’ कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मैदान में उतर आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को दिल्ली में जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से अलग-अलग मुलाकात करेंगे, जिसके बाद यह उम्मीद की जा रही है कि सीट शेयरिंग का मसला मिनटों में सुलझ जाएगा।
मांझी की ‘नाराजगी’ करेंगे दूर
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक जीतन राम मांझी और उनके बेटे व पार्टी प्रमुख संतोष मांझी दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज ही उनकी मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह से प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि मांझी इस बात से नाराज हैं कि उन्हें उम्मीद के अनुरूप सीटें नहीं मिल रही हैं, खासकर चिराग पासवान (लोजपा-रा.वि.) की ओर से कुछ सीटों पर दावेदारी पेश किए जाने के बाद।
जानकारी के मुताबिक, मखदुमपुर की सीट लोजपा (रा.वि.) को दिए जाने की चर्चा से जीतन राम मांझी विशेष रूप से नाराज हैं, क्योंकि यह सीट उनकी पारंपरिक सीट रही है। मांझी अपनी बात अमित शाह के सामने मजबूती से रखेंगे, जिसके बाद शाह इस ‘नाराजगी’ को दूर कर सकते हैं।
कुशवाहा की ‘अधूरी’ बातचीत होगी पूरी
शनिवार को ही राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की महत्वपूर्ण बैठक भी अमित शाह के साथ प्रस्तावित है। कुशवाहा ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा था कि “वार्ता अभी पूरी नहीं हुई है। इंतजार कीजिए…! मीडिया में कैसे खबर चल रही है, मुझको नहीं पता। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह छल है, धोखा है। आप लोग ऐसे ही सजग रहिए।”

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कुशवाहा ने भी इस बात को दोहराया कि एनडीए में सीट बंटवारा अब तक तय नहीं हुआ है और उन्हें दिल्ली बुलाया गया है ताकि अधूरी बातचीत को पूरा किया जा सके। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि बीजेपी उन्हें 6 सीटें ऑफर कर रही है, जबकि उपेंद्र कुशवाहा 8 सीटों से कम पर मानने को तैयार नहीं हैं। अमित शाह के साथ इस मुलाकात के दौरान ही सीटों की संख्या पर आम सहमति बनने की प्रबल संभावना है।
चिराग पासवान की सीटों पर सहमति
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और बिहार बीजेपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ कई दौर की बातचीत की है। इन मुलाकातों के बाद चिराग पासवान ने संतुष्टि जाहिर करते हुए कहा था कि जहां प्रधानमंत्री हैं, वहां उन्हें अपने सम्मान की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
बताया जा रहा है कि चिराग पासवान ने जिन सीटों की डिमांड की है, उनमें मखदुमपुर, बखरी, गायघाट, ओबरा, सिमरी बख्तियारपुर, ब्रह्मपुर, बोधगया, रोसड़ा, गोविंदगंज और अरवल शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कुछ सीटें (जैसे मखदुमपुर) पर जीतन राम मांझी ने नाराजगी जाहिर की है, जिसे अब अमित शाह सुलझाएंगे।
कल हो सकता है एनडीए सीट शेयरिंग का ऐलान
बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद अब यह माना जा रहा है कि एनडीए में सीट शेयरिंग लगभग फाइनल है और केवल मांझी तथा कुशवाहा से जुड़ी छोटी-मोटी संशय बाकी हैं। गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में होने वाली बैठकों से इन समस्याओं का समाधान निकल आएगा।
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा किया है कि गठबंधन में सबकुछ ठीक है और रविवार को बड़ी घोषणा हो सकती है। फिलहाल, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर गृहमंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, डेप्युटी सीएम सम्राट चौधरी, विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय समेत तमाम बड़े नेताओं की एक फाइनल मीटिंग चल रही है, जिसमें बीजेपी के उम्मीदवारों पर भी अंतिम फैसला होना है।