महिलाओं पर विवादित टिप्पणी कर फंसे बीजेपी MLA, राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया…

Ritu Raj

संसद परिसर में कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी द्वारा कुत्ता लाए जाने को लेकर बीजेपी विधायक की विवादित टिप्पणी से सियासत गर्मा गई है। मीडिया के सवाल पर विधायक ने ऐसा बयान दे दिया, जिसे विपक्षी राजद ने तुरंत हमले का हथियार बना लिया। बढ़ते विवाद के बीच अब राज्य महिला आयोग में उनके खिलाफ औपचारिक शिकायत भी दर्ज हो गई है, जिससे मामला और तूल पकड़ता दिख रहा है।

दरअसल, राजद की एक महिला नेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी विधायक प्रमोद कुमार (पूर्व मंत्री) के विवादित बयान पर तीखा प्रहार किया है। वायरल वीडियो में विधायक एक यूट्यूबर से विधानसभा परिसर में बातचीत के दौरान कहते दिख रहे हैं कि “बहुत लोगों की आदत होती है कुत्ते के साथ सोने की। मोबाइल पर देखिएगा, कई महिलाएं आत्मसंतुष्टि के लिए भी ऐसा करती हैं… अगर कुत्ता ही उसका केंद्र है तो रेणुका चौधरी उसे साथ ले गई होंगी।” वहीं, इस टिप्पणी को राजद नेता ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताते हुए सवाल उठाया कि “क्या मोदी जी और भाजपा की महिला नेता इस तरह की सोच से सहमत हैं? क्या महिलाओं पर ऐसी अभद्र टिप्पणी करने से ही इन नेताओं को संतुष्टि मिलती है?” हालांकि यह भी उल्लेखनीय है कि पोस्ट साझा करने वाली प्रियंका भारती खुद भी अक्सर अपने तीखे और विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहती हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इधर, मामले के तूल पकड़ने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा है कि विवादित बयान को लेकर एक औपचारिक आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में तथ्य सही पाए जाने पर विधायक प्रमोद कुमार से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही, आयोग ने ऐसे बयानों को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए जिम्मेदार राजनीतिक संवाद की जरूरत पर जोर दिया है।

Share This Article