पटना में BJP का ‘कुर्ता फाड़’ जश्न: ‘राम खेले होली’ पर झूमे नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं ने जमकर उड़ाया गुलाल

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को होली का रंग पूरी तरह चढ़ा हुआ नजर आया। अवसर था भाजपा के कद्दावर नेता और मंत्री नितिन नवीन द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह का। बेली रोड स्थित चटकारा फूड कोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में सियासी गंभीरता को किनारे रखकर भाजपा दिग्गज और कार्यकर्ता रंगों और खुशियों के समंदर में गोते लगाते दिखे।

जब मंच से बरसे फूल और गूंजा— ‘राम खेले होली…’
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता नितिन नवीन रहे, जो पूरी तरह रंगों में सराबोर दिखे। जैसे ही कार्यक्रम में अयोध्या और राम मंदिर की थीम पर आधारित भजन ‘राम खेले होली…’ गूंजा, नितिन नवीन खुद को रोक नहीं पाए। वे मंच पर ही थिरकने लगे और नीचे मौजूद कार्यकर्ताओं पर दोनों हाथों से फूलों की वर्षा की। माहौल ऐसा था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति चुनावी भागदौड़ भूलकर सिर्फ होली के उत्साह में डूबा नजर आया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

नितिन नवीन की सहजता: ‘लाइये, मैं ही खींच देता हूँ फोटो’
समारोह के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब हुआ जब मंच के नीचे खड़ी कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई। भीड़ और मंच की ऊंचाई की वजह से फोटो लेने में दिक्कत हो रही थी, तो नितिन नवीन ने बड़े ही सहज अंदाज में मुस्कराते हुए कहा, “आप अपना मोबाइल दीजिए, मैं ऊपर से ही बढ़िया फोटो खींच देता हूँ।” उन्होंने खुद फोन लेकर फोटो क्लिक की, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग उनके मुरीद हो गए। इसके बाद उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आज होली है, इसलिए आज भाषण नहीं, सिर्फ गाने सुनने का दिन है।

दिग्गज जुटे और हुई ‘कुर्ता फाड़’ होली
इस जश्न में सिर्फ नितिन नवीन ही नहीं, बल्कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद जैसे दिग्गज नेता भी शामिल हुए। नेताओं के मंच से उतरते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। बिहार की पारंपरिक और मशहूर ‘कुर्ता फाड़’ होली का नजारा देखने को मिला, जहां जोश में आए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के कुर्ते तक फाड़ दिए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके।

बिहार में होली की धूम: पूर्णिया में 40 फीट ऊंची होलिका
राजधानी के अलावा बिहार के अन्य हिस्सों में भी होली का उत्साह चरम पर है। पूर्णिया में इस बार करीब 40 फीट ऊंची होलिका तैयार की गई, जिसका दहन परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ किया गया। होलिका दहन के साथ ही पूरे प्रदेश में रंगों के त्योहार का विधिवत आगाज हो गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मना रहे हैं।

Share This Article