बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार अपने चरम पर है और आज इसका अंतिम दिन है। इसी बीच भागलपुर में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा शर्मा अपने पिता और कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में रोड शो करने जा रही हैं। चुनावी माहौल में नेहा की मौजूदगी से भागलपुर का सियासी तापमान और बढ़ने की उम्मीद है।
दरअसल, यह रोड शो दोपहर 2 बजे के बाद बूढ़ानाथ से शुरू होगा और शहर के प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए स्टेशन तक पहुंचेगा। तय मार्ग के अनुसार नेहा शर्मा का काफिला नया बाजार, सराय, साहेबगंज, नरगा चौक, चंपा नगर विषहरी स्थान चौक, चंपा नगर, मेदनी नगर चौक, नाथनगर, परबत्ती और तातारपुर चौक होते हुए आगे बढ़ेगा। रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। माना जा रहा है कि नेहा शर्मा की लोकप्रियता और ग्लैमर फैक्टर से अजीत शर्मा के अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। पिछले विधानसभा चुनाव में भी नेहा ने भागलपुर में रोड शो कर पिता के लिए वोट मांगे थे, जिसका उन्हें लाभ मिला था।
हालांकि, इस बार अजीत शर्मा भागलपुर सीट से लगातार तीसरी बार मैदान में हैं और उनका सीधा मुकाबला बीजेपी प्रत्याशी रोहित पांडेय से है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नेहा शर्मा की मौजूदगी से कांग्रेस खेमे में जोश का माहौल है, वहीं विपक्ष भी इस रोड शो पर नजर बनाए हुए है।