सिटी पोस्ट लाइव
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उदय सिंह का बेगूसराय आगमन हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान — “मेरे रगों में खून नहीं, सिंदूर है” — पर प्रतिक्रिया देते हुए उदय सिंह ने कहा कि यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दिखावटी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब तो मेडिकल कॉलेजों को ब्लड बैंक के बजाय सिंदूर बैंक खोलने की जरूरत पड़ेगी।” उन्होंने मोदी सरकार को याद दिलाया कि पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय सेना को मिलना चाहिए, न कि प्रधानमंत्री को। उन्होंने सवाल उठाया कि “पहलगाम में जो आतंकी घटना हुई, उस पर सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही? इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे हुई?”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी उन्होंने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि नालंदा में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को रोकना, एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों की पोल खुलने के डर से यह कदम उठाया गया। नीतीश कुमार की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “अब नीतीश जी को खुद भी पता नहीं होता कि राज्य में क्या हो रहा है।”
उदय सिंह ने स्पष्ट किया कि जन सुराज किसी पार्टी से टकराव के लिए नहीं, बल्कि बिहार में बदलाव लाने के उद्देश्य से मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि उनकी असली चुनौती एनडीए या महागठबंधन नहीं है, बल्कि बिहार की जनता की आकांक्षाएं और उनके मन का परिवर्तन है।
उन्होंने कहा, “हम गांव-गांव जाकर अपनी बात बिहार की जनता तक पहुंचाएंगे। प्रशांत किशोर जिस मेहनत से दिन-रात काम कर रहे हैं, वह हमारी प्रेरणा हैं।” उन्होंने बिहार को बदलाव की दिशा में ले जाने का संकल्प दोहराया और कहा कि जन सुराज का उद्देश्य सत्ता नहीं, सेवा है।