सिटी पोस्ट लाइव
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर बिहार में ‘जंगलराज’ वापस लाने का आरोप लगाया है। उन्होंने RJD के एक पूर्व विधायक के “लाल के समय में भूरा बाल साफ करो” वाले बयान का हवाला देते हुए कहा कि इसका सीधा मतलब है कि कुछ लोग बिहार में फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं।
कानून व्यवस्था पर अरुण भारती के बदलते सुर
बिहार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने के अपने पूर्व के बयानों और अभियानों से अरुण भारती आज कुछ हद तक मुकरते नज़र आए। उन्होंने कहा, “निश्चित तौर पर जो घटनाएं हुई हैं, उन घटनाओं पर सरकार कार्रवाई कर चुकी है। आगे भी कार्रवाई करेगी।” भारती ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी सवाल उठाती रहेगी, लेकिन नालंदा सहित बिहार में जो भी बड़ी घटनाएं हुई हैं, उन पर कार्रवाई हुई है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बिहार सरकार दोषियों को सजा भी दिलाएगी।
नालंदा हिंसा और पासवान समुदाय पर चिंता
नालंदा में पासवान समुदाय के लोगों की हत्या के मामले पर अरुण भारती ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वह स्वयं घटना स्थल पर जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नेता (चिराग पासवान) ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और सरकार से त्वरित कार्रवाई करने को कहा था।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर ‘इस्तेमाल करो और छोड़ो’ का आरोप
कन्हैया कुमार और पप्पू यादव को राहुल गांधी के साथ विशेष वाहन में नहीं चढ़ने दिए जाने के मुद्दे पर अरुण भारती ने कांग्रेस की ‘पुरानी प्रवृत्ति’ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है। सीताराम केसरी के साथ क्या हुआ, नरसिम्हा राव के साथ क्या हुआ… जो उपयोगिता खत्म हो जाती है नेता की, उन्हें वह लोग नज़रअंदाज कर देते हैं।” भारती ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।