पटना में चिराग पासवान का शक्ति प्रदर्शन, एनडीए 225 सीट जीतने का लक्ष्य

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना के दानापुर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ी ताकत और आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की। समारोह में भोजपुर, बक्सर, पटना, अरवल, हाजीपुर जैसे कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, और चिराग पासवान ने उनका अंगवस्त्र देकर सम्मान किया।

चिराग ने पत्रकारों से बातचीत में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और उनका लक्ष्य 225 सीटें जीतने का है। सीट बंटवारे के सवाल पर चिराग ने कहा कि यह बिल्कुल सहजता से होगा, जैसे लोकसभा चुनाव में घटक दलों के बीच तालमेल था, वैसे ही विधानसभा चुनाव में भी सीटों का बंटवारा होगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

वहीं, जब तेज प्रताप यादव के अलग चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने इसे एक पारिवारिक मामला बताया। चिराग ने कहा कि अगर तेज प्रताप यादव को विरोधी दलों के खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा तो यह निश्चित रूप से पार्टी और गठबंधन को नुकसान पहुंचाएगा।

तेजस्वी यादव के आयोग में नियुक्ति को लेकर दिए गए विवादित बयान पर चिराग ने कहा, “जब आप किसी पर उंगली उठाते हैं, तो बाकी उंगलियां आपकी ओर भी उठती हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा बयान देना हिम्मत की बात है, लेकिन उनका एजेंडा हमेशा बिहार के विकास पर केंद्रित रहेगा, और वे किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।

चिराग ने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “प्रशांत किशोर मेरे मित्र हैं, और उन्हें मेरी शुभकामनाएं हैं।” चिराग ने यह स्पष्ट किया कि उनका एक ही लक्ष्य है—बिहार का विकास। समारोह के अंत में चिराग पासवान ने एक बार फिर अपने पार्टी के आदर्श “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” को दोहराया और कहा कि यही सोच राज्य को नई दिशा देगी, और यही उनकी असली लड़ाई है।

Share This Article