सीएम नीतीश ने एनडीए के 9 विधायकों को राज्यमंत्री का दर्जा, लिस्ट में किसका नाम शामिल, जानिए पूरी जानकारी

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए के 9 विधायकों को अब राज्यमंत्री का दर्जा मिल गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन विधायकों का मनोनयन किया है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने स्वीकृति प्रदान की है। यह अधिसूचना सोमवार को जारी की गई।

संसदीय कार्य विभाग ने संबंधित अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिन विधायकों का मनोनयन किया है, उनमें ग्रामीण विकास मंत्री और जदयू विधायक श्रवण कुमार को सत्तारूढ़ दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। वहीं, बीजेपी के विधायकों में विनोद नारायण झा को उपमुख्य सचेतक का पद दिया गया है। इसके अलावा, एनडीए के 8 अन्य विधायकों को सचेतक नियुक्त किया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इन विधायकों को मिला राज्यमंत्री का दर्जा
सीएम नीतीश द्वारा किए गए इस मनोनयन में जिन विधायकों का नाम शामिल है, वे हैं- कृष्ण कुमार ऋषि, मंजीत कुमार सिंह, राजू तिवारी, सुधांशु शेखर, कुमार शैलेन्द्र, रामविलास कामत, अरुण मांझी और गायत्री देवी। इन सभी को राज्यमंत्री का दर्जा मिलेगा और राज्य मंत्री की सभी सुविधाएं दी जाएंगी। हालांकि, श्रवण कुमार पहले से ही नीतीश सरकार में मंत्री हैं, इसलिए उन्हें अतिरिक्त कोई नई सुविधाएं नहीं मिलेंगी।

मुख्य सचेतक और उपमुख्य सचेतक के पद
बिहार में यह मनोनयन नियमों के अनुसार किया गया है, जिसके तहत मुख्य सचेतक को कैबिनेट मंत्री का दर्जा, उपमुख्य सचेतक और सचेतकों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया जाता है। इस अधिसूचना के अनुसार, 15 दिसंबर से यह मनोनयन प्रभावी माना जाएगा। साथ ही, सामान्य प्रशासन विभाग ने एक और अधिसूचना जारी की है, जिसके तहत लघु जल संसाधन मंत्री और हम (हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन, बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के सचेतक नीरज कुमार और सत्तारूढ़ दल के उप नेता प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के आप्त सचिव (सरकारी) पद पर तीन बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तैनाती की है।

Share This Article