सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार में वित्तीय विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर सभी विधायक, विधान परिषद के सदस्य और मंत्री तक का वेतन इस महीने रोका गया है। सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण न केवल इस महीने का वेतन, बल्कि पिछले महीने का वेतन भी जारी नहीं किया जा सका। वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मामले में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या के कारण मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और विधान परिषद के सदस्यों का वेतन नहीं हो सका।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नया सॉफ्टवेयर लागू किया गया है और अगले एक सप्ताह के भीतर सभी का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होने कहा “यह सच है कि सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण सभी का वेतन रुका है। हम इसे जल्दी ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं और अगले एक सप्ताह में सभी को उनका वेतन मिल जाएगा।” यह घटना इस बात को स्पष्ट करती है कि प्रशासनिक गलतियां कभी भी किसी के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती हैं, चाहे वह मुख्यमंत्री ही क्यों न हों।