सिटी पोस्ट लाइव
- पर्यटन और रोमांच को मिलेगा बढ़ावा: करमचट डैम पर इको टूरिज्म हब का उद्घाटन
- बिक्रमगंज में इंटीग्रेटेड फार्मिंग और उत्कर्ष बायोफ्यूल प्लांट का निरीक्षण
- 124 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास
- मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत, जनता का उमड़ा जनसैलाब
- समीक्षा बैठक में योजनाओं की स्थिति का आकलन
- समीक्षा बैठक में विरोध, विधायकों ने जताई नाराजगी
- यह प्रगति यात्रा नहीं, बल्कि दुर्गति यात्रा है : राजद
रोहतास। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के तहत रोहतास जिले में 1369.86 करोड़ रुपये की लागत से 193 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। बुधवार को चेनारी प्रखंड के बादलगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 268 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 69 योजनाओं का उद्घाटन किया, साथ ही 111 करोड़ रुपये की लागत से आरंभ होने वाली 124 योजनाओं की आधारशिला रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चेनारी, बिक्रमगंज, संझौली और सासाराम प्रखंडों में चल रही विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया और जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति को परखा।
पर्यटन और रोमांच को मिलेगा बढ़ावा: करमचट डैम पर इको टूरिज्म हब का उद्घाटन
मुख्यमंत्री सबसे पहले चेनारी प्रखंड के बादलगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दुर्गावती इको टूरिज्म एवं एडवेंचर हब का उद्घाटन किया। उन्होंने 271.19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बोट हाउस कैंप की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा, खेल मैदान, पंचायत सरकार भवन परिसर में तालाब निर्माण, पशु शेड, महादलित सामुदायिक भवन, वर्कशेड, डाकघर, पुस्तकालय, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष और आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।
हमारा प्रयास है कि बिहार के हर जिले में अधिक से अधिक विकास कार्य किए जाएं। रोहतास जिले में पर्यटन, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा हर क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें।
नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

बिक्रमगंज में इंटीग्रेटेड फार्मिंग और उत्कर्ष बायोफ्यूल प्लांट का निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री बिक्रमगंज प्रखंड के घुसिया खुर्द गांव पहुंचे, जहां उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग एवं उत्कर्ष बायोफ्यूल प्लांट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्क्रमित उच्च विद्यालयों में एसीआर भवन, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोसिंयाकला में विद्यालय भवन, विद्यालयों में बॉयज शौचालय, सामुदायिक भवन, राज्य कल्याण छात्रावास भवन, उच्च स्तरीय आरसीसी पुल, नवनिर्मित लैब, एसपी जैन महाविद्यालय में पुस्तकालय एवं गर्ल्स हॉस्टल, नौहट्टा में डिग्री कॉलेज की चारदीवारी एवं पीसीसी सड़क, जीविका ग्राम संगठन कार्यालय और दिनारा प्रखंड में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय का भी उद्घाटन किया।
124 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 124 नई योजनाओं की आधारशिला रखी, जिनमें शामिल हैं:
- वन स्टॉप सेंटर
- अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी आवास निर्माण
- सामुदायिक भवन
- महादलित वर्कशेड
- ई-किसान भवन
- मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सासाराम प्रमंडल वन में 115 सड़कें, सासाराम प्रमंडल दो में 102 सड़कें, बिक्रमगंज प्रमंडल में 81 सड़कें और डेहरी प्रमंडल में 51 सड़कें
मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत, जनता का उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रोहतास दौरे के दौरान तीनों जगहों पर भारी भीड़ उमड़ी। लोग बड़ी संख्या में उनका स्वागत करने पहुंचे। मुख्यमंत्री को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण, किसान, युवा, महिलाएं उत्साहित नजर आए। जनता ने उन्हें गर्मजोशी से हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिसका जवाब मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए दिया। भीड़ में कई लोग सीएम से हाथ मिलाने को आतुर दिखे और जगह-जगह “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।
समीक्षा बैठक में योजनाओं की स्थिति का आकलन
मुख्यमंत्री सासाराम समाहरणालय स्थित डीआरडीए संवाद कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीएम उदिता सिंह ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। नीतीश कुमार ने विभिन्न योजनाओं का आकलन किया, जिनमें शामिल थे:
- स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना
- मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना
- कुशल युवा कार्यक्रम
- हर घर नल का जल योजना
- मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना
- हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना
- कृषि फीडर निर्माण एवं मुख्यमंत्री कृषि विद्युत कनेक्शन योजना
- मुख्यमंत्री उद्यमी योजना
- महिलाओं को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहन योजना
- टेलीमेडिसीन के माध्यम से चिकित्सा परामर्श
- पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी
- पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य
समीक्षा बैठक में विरोध, विधायकों ने जताई नाराजगी
समीक्षा बैठक के दौरान सासाराम के राजद विधायक राजेश गुप्ता बैठक छोड़कर बाहर आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, “जब मैं सासाराम के विकास से संबंधित मुद्दे उठाना चाह रहा था, तो मुझे बोलने नहीं दिया गया।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बैठक में विकास योजनाओं पर कम और 2005 के पहले और बाद के बिहार की तुलना पर ज्यादा जोर दिया गया।
यह प्रगति यात्रा नहीं, बल्कि दुर्गति यात्रा है : राजद
दिनारा के राजद विधायक विजय मंडल ने मुख्यमंत्री की यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा, “नीतीश कुमार सिर्फ 2005 के बिहार और आज के बिहार की तुलना करने में लगे हैं, लेकिन असली मुद्दों की अनदेखी हो रही है। यह प्रगति यात्रा नहीं, बल्कि दुर्गति यात्रा है।”