बिहार की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला: सुप्रिया श्रीनेत बोलीं कारोबारी मारे जा रहे हैं, नीतीश सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में लगातार बढ़ते अपराध और गिरती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आजादी के सात दशक बाद भी 2025 में बिहार में हत्याओं का दौर थमा नहीं है, और अब हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि व्यापारी चुन-चुन कर मारे जा रहे हैं।

सुप्रिया श्रीनेत ने हाल ही में हुए गोपाल खेमका और रामानंद यादव की हत्याओं का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में कारोबारी समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने पूछा, “अगर व्यवसाय करने वाले यूं ही मारे जाएंगे और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेगी, तो ये कारोबारी आखिर जाएंगे कहां?”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया कि हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश के बाद बिहार दूसरे नंबर पर है, और दलित उत्पीड़न में भी राज्य की स्थिति बेहद चिंताजनक है।

सुप्रिया श्रीनेत ने नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल दो-चार शूटर को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि पूरे अपराध नेटवर्क को तोड़ने की कोई गंभीर कोशिश नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article