सिटी पोस्ट लाइव
कप्तान सूर्या ने विजयी शॉट लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई है। मैच खत्म होने के बाद पाक कप्तान नदारद दिखे। वहीं, टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने मुकाबले के बाद पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। चलिए बताते हैं हैंडशेक को लेकर क्या कहते है नियम।
एशिया कप 2025 के छठे मुकाबले में भारत ने पाक को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। हालांकि, यह मैच टॉस से लेकर मैच खत्म होने के बाद तक विवादों में छाया रहा। दरअसल, टॉस के वक्त हो या जीत के बाद किसी इंडियन प्लेयर्स ने विपक्षी टीम के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इससे निराश होकर पाक कप्तान सलमान आगा पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में ही शामिल नहीं हुए। इसको लेकर भारतीय कप्तान सूर्या ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- “हम सरकार और BCCI के साथ पूरी तरह से एकजुट थे। हम यहां सिर्फ मैच खेलने आए थे और हमने सही जवाब दिया। कुछ चीजें खेल भावना से भी ऊपर होती हैं। हम पहलगाम आतंकी हमले के सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं।” इसके बाद पाक टीम के हेड कोच माइक हेसन ने कहा- “मैच का इस तरह खत्म होना निराशाजनक था। हम जिस तरह से खेले उससे निराश थे, लेकिन हम हाथ मिलाने के लिए तैयार थे। भारत ने ऐसा नहीं किया। इसीलिए कप्तान सलमान आगा प्रेजेंटेशन सेरेमनी में नहीं गए।”
जानकारी के लिए बता दें कि मैच के बाद हाथ मिलाने को लेकर क्रिकेट के किसी भी रूल बुक में नहीं लिखा है। हालांकि, इसे सिर्फ खेल भावना का हिस्सा माना जाता है। इसी वजह से लगभग हर मैच के बाद दोनों टीम के खिलाड़ी एक-दूसरे से मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। एशिया कप में खेलने को लेकर पाक के साथ भारत की जमकर आलोचना हो रही थी। वहीं, मैच से पहले ही सोशल मीडिया पर बायकॉट की मांग की गई। इसके अलावा पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों ने भी मैच का विरोध किया। इसके बावजूद भी सरकार ने बीसीसीआई को पाक के साथ खेलने की मंजूरी दे दी।