चिराग पासवान ने किया तेजस्वी को सपोर्ट, कहा, अपराध बढ़ा तो है, बड़ा खेल करने की कोशिश में चिराग!

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना:
मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री और लोजपा रामविलास के सुप्रीमो चिराग पासवान ने राजद के युवराज तेजस्वी यादव का समर्थन कर दिया है। चिराग पासवान ने कहा है कि मैं तेजस्वी यादव की इस चिंता के साथ सहमति रखता हूं कि बिहार में क्राइम बढ़ा है और क्राइम को सरकार कड़े कदम उठाकर पूर्णत: नियंत्रण में लाए। चिराग पासवान ने कहा कि तेजस्वी यादव ने यह चिंता जाहिर की है और मैं भी इसका समर्थन करता हूं। चिराग यही नहीं रुके।

उन्होंने इस तर्क को एकदम गलत बताया कि लालू-राबड़ी की सरकार की तुलना में क्राइम कम है। चिराग ने कहा कि मैं इस सोच का व्यक्ति नहीं हूं कि इफ़ माइ क्राइम इज़ लेसर दैन योर्स दैट मिंस देयर इज़ नो क्राइम। मैं कतई इस सोच का पक्षधर नहीं हूं। अब चिराग पासवान के इस कड़े तेवर का क्या मतलब निकाला जाए। चिराग पासवान पिछले विधानसभा चुनाव की तरह कुछ प्लान बना रहे हैं क्या? पिछली बार चिराग पासवान ने अकेले चुनाव मैदान में उतरकर जदयू को कई सीटों पर चुनाव हराने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जानकारों की मानें, तो ऐसा कुछ नहीं लग रहा। यह सिर्फ़ प्रेशर पॉलिटिक्स है और एंटी इंकंबेंसी से अपने उम्मीदवारों को बचाने की कोशिश है। चिराग ऐसा बोलेंगे, तो जदयू-बीजेपी दबाव में आएगी, क्योंकि विपक्ष हमलावर होगा कि एनडीए का घटक दल ही ऐसा बोल रहा है। इससे चिराग को चुनाव में अधिक सीटें मांगने में मदद मिलेगी। वहीं, जब वे अपनी ही गठबंधन की सरकार के खिलाफ़ बोलेंगे, तो जनता में, खासकर युवाओं में यह मैसेज जाएगा कि चिराग जनता की चिंता करने वाले नेताओं में से हैं और आम लोगों के हित में अगर उन्हें अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलना पड़ता है, तो इससे वे पीछे नहीं हटते। इससे उनकी लोकप्रियता युवाओं में और बढ़ेगी और जब वे चुनाव के दौरान अपने उम्मीदवारों का प्रचार करने जाएंगे, तो सरकार से नाराज़ लोग उनसे नाराज़गी नहीं दिखाएंगे। कुल मिलाकर चिराग पासवान की कोशिश और प्लान यही है।

Share This Article