तेजस्वी पर भड़के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, बोले “जंगलराज के युवराज को अपने पिता से मिले हैं ये संस्कार”

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने तेजस्वी को “जंगलराज का युवराज” बताते हुए कहा कि यह व्यवहार उनके पिता लालू प्रसाद यादव से मिले संस्कारों का ही परिणाम है।

शेखपुरा में एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार के विकास पथ को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने हाल ही में सीवान में हुई ऐतिहासिक रैली का ज़िक्र करते हुए बताया कि भारी बारिश के बावजूद वहां भारी भीड़ उमड़ी, जो मोदी जी के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार को बहुत बड़ा तोहफा दिया है, जिससे विपक्ष बौखला गया है और मर्यादा से बाहर जाकर बयानबाजी कर रहा है। विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दिया है, जो महिलाओं की मांग से भी अधिक है।

महिलाओं के लिए बड़ी राहत
उन्होंने यह भी बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान यह मांग सामने आई थी कि पेंशन ₹1000 तक की जाए, लेकिन मुख्यमंत्री ने उसे ₹1100 तक बढ़ा दिया। इसके अलावा जीविका दीदी को अब कम ब्याज पर ₹3 लाख की जगह ₹7 लाख तक ऋण देने का प्रावधान किया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सशक्त होगी।

अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने राज्य में अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति जप्त की जाएगी, और जरूरत पड़ी तो उनके घरों पर बुलडोजर भी चलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Share This Article