सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सभी जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। यहां के कई जिलों में पिछले 4-5 दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिसके कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। वहीं, तापमान में गिरावट देखने को मिली है। और मौसम सुहाना बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर डबल अलर्ट जारी किया है।
दरअसल, बिहार में भारी बारिश और वज्रपात के कारण 9 जिलों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएम नीतीश ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपया मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 20 और 21 जुलाई को बिहार के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान के मुताबिक, आने वाले 20 और 21 जुलाई को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, खगड़िया,मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर जिला में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में आंधी-तूफान और ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
हालांकि, पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर,मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, पटना, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, नालंदा, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, सहरसा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, बेगूसराय और आरा जिले में हल्की स्तर की बारिश होने के आसार जताए हैं। इन जिलों में भी आंधी-तूफान और ठनका गिरने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में ठनका गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है।