सिटी पोस्ट लाइव
पटना के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता पटना सदर की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को नोटिस जारी किया गया है। बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में उनका नाम दो जगह अंकित पाए जाने को लेकर यह नोटिस भेजा गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के दौरान विजय कुमार सिन्हा का नाम 182 बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 405 में मतदाता सूची क्रमांक 757 पर ई-पिक नंबर AFS0853341 के साथ दर्ज है। इसके अलावा, उनका नाम 168 लखीसराय विधानसभा क्षेत्र लखीसराय की मतदाता सूची में भी ई-पिक नंबर IAF3939337 के साथ अंकित है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने 14 अगस्त शाम 5 बजे तक उपमुख्यमंत्री से इस मामले में जवाब देने को कहा है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।यह मामला तब प्रकाश में आया जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और बिहार कांग्रेस के नेताओं ने विजय सिन्हा पर दो-दो वोटर आईडी रखने का आरोप लगाया था। इस मामले में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पहले भी अपने नाम को हटाने के लिए आवेदन दिया था और 5 अगस्त को भी पुनः आवेदन किया गया है।
दो वोटर आईडी की जानकारी के अनुसार, लखीसराय के कार्ड में उम्र 57 वर्ष और पिता का नाम शारदा रमन सिंह दर्ज है, जबकि बांकीपुर के कार्ड में पिता का नाम शारदा रमन सिंह के साथ उम्र 60 वर्ष है। यह विवाद राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब इस पर चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट जवाब का इंतजार है।