सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता मुद्दों की बात करने के बजाय गाली-गलौच और नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। तेजस्वी ने भाजपा प्रवक्ताओं को ‘चिंटू’ कहकर संबोधित किया और आरोप लगाया कि ये लोग देश में भाईचारा खत्म करना चाहते हैं।
तेजस्वी यादव पटना के गांधी मैदान में वक्फ कानून के खिलाफ आयोजित एक जुटान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “दिल्ली में बैठे बीजेपी के चिंटू लोग हमें लगातार गाली दे रहे हैं। कोई हमें नवाजवाद कह रहा है, कोई मौलाना, तो कोई और अनाप-शनाप बातें कर रहा है। इन लोगों को देश के असली मुद्दों से कोई मतलब नहीं है। इनका सिर्फ एक ही मकसद है – समाज में नफरत और विभाजन फैलाना।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में बीजेपी सत्ता से बाहर हो भी जाए, तो भी उनके द्वारा फैलाई गई नफरत को मिटाने में समय लगेगा। तेजस्वी ने लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर इस नफरत की राजनीति का मुकाबला करें।
तेजस्वी यादव ये बातें स्वर्गीय अब्दुल कय्यूम अंसारी की याद में आयोजित कार्यक्रम में कह रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और भाईचारे का प्रतीक बताया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे और माहौल पूरी तरह राजनीतिक था, जिसमें तेजस्वी ने केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की।