सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में चुनावी साल जैसे-जैसे करीब आ रहा है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने 264 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का आयोजन नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) परिसर में किया गया, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व निर्धारित समय पर सुबह 11 बजे पहुंचे। उनके साथ बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, और कई अन्य मंत्री व आला अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की पूरी जानकारी अधिकारियों से ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल का निर्माण कार्य निर्धारित दो वर्षों की समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा होना चाहिए। नीतीश कुमार ने अधिकारियों को यह भी कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं हो और यह अस्पताल भविष्य में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने में सक्षम हो।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे से भी मुख्यमंत्री ने परियोजना को लेकर बातचीत की। हालांकि, कार्यक्रम के बाद जब मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछने की कोशिश की, तो उन्होंने हाथ जोड़कर नम्रता से बिना कोई टिप्पणी किए रवाना हो गए। 264 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूरा होने के बाद यह नया महाविद्यालय एवं अस्पताल क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी बिहार को मजबूती मिलेगी।