बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 20 लाख तक मिलेगी स्कॉलरशिप…

Ritu Raj

बिहार सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। ‘खिलाड़ियों को सक्षम और उड़ान योजना’ के तहत अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 5 लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके लिए आवेदन पोर्टल 1 जनवरी से खोला जाएगा, जहां इच्छुक खिलाड़ी 15 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह योजना राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

स्कॉलरशिप के लिए पंजीकरण करते समय खिलाड़ियों को अपना नाम और खेल में किए गए प्रदर्शन का विवरण दर्ज करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद विशेषज्ञ टीम द्वारा उसकी जांच-पड़ताल की जाएगी और चयनित नए खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप सूची में शामिल किया जाएगा। यह सहायता केवल उन्हीं खेल विधाओं के लिए दी जाएगी, जो ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों में शामिल हैं। दरअसल, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण ने बताया कि पिछले वर्ष सक्षम और उड़ान स्कॉलरशिप योजना के तहत बिहार सरकार ने 236 खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान की थी, जिससे कई प्रतिभाओं को खेल में आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इसी योजना को वर्ष 2026 के लिए दोबारा शुरू किया जा रहा है और इसके लिए आवेदन पोर्टल 1 जनवरी से खोल दिया जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सक्षम स्कॉलरशिप के लिए वही खिलाड़ी आवेदन के पात्र होंगे, जिन्होंने नेशनल लेवल या ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में पदक हासिल किया हो। इसके अलावा व्यक्तिगत खेलों में टॉप-8 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी और टीम गेम्स में टॉप-4 में रहने वाली टीम के खिलाड़ी भी इस योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे। चयन के बाद पात्र खिलाड़ियों को बिहार सरकार की ओर से प्रतिवर्ष अधिकतम 5 लाख रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी। वहीं उड़ान स्कॉलरशिप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए है। इसके तहत इंटरनेशनल लेवल पर पदक जीतने वाले या उसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सालाना 20 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपनी खेल तैयारी को और मजबूत कर सकें।

Share This Article