बेगूसराय में हम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष का अपहरण, आक्रोशित लोगों ने NH-31 किया जाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के संदलपुर गांव में शनिवार रात हम (Hindustani Awam Morcha) पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश उर्फ विकास कुमार का अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि कुख्यात अपराधी डब्लू यादव अपने गैंग के साथ हथियार के बल पर राकेश कुमार को उनके घर से अगवा कर ले गया। अपहरण से पहले अपराधियों ने घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, जिससे गांव में दहशत फैल गई। घटना से नाराज़ स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार सुबह एनएच-31 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गाड़ियों की लंबी कतार लगने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

परिजनों का आरोप है कि शनिवार की रात करीब दर्जनभर हथियारबंद अपराधी उनके घर पहुंचे और मारपीट के बाद राकेश को जबरन गंगा दियारा इलाके की ओर ले गए। दो दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में रोष है। सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी नेहा कुमारी के नेतृत्व में स्पेशल टीम अपहृत की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे चुनावी रंजिश हो सकती है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि डब्लू यादव और उसके सहयोगी नियमित रूप से शराब के नशे में दबंगई करते हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द राकेश की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती, तो आंदोलन और उग्र होगा।

Share This Article