बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालने के बाद सचिवालय पहुंचकर कामकाज की शुरुआत कर दी है। वे यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे हैं, जिसमें सभी विभागों के प्रधान सचिव मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी हो सकते हैं।

बुधवार शाम को शपथ लेने के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज रही। पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सहित बीजेपी और जदयू के कई नेता उनसे मुलाकात करने पहुंचे। सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने हैं। नई सरकार में जदयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाया गया है। फिलहाल मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है, इसलिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह सहित 29 विभागों की जिम्मेदारी है। वहीं विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभाग सौंपे गए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इन विभागों का बंटवारा अन्य मंत्रियों के बीच किया जाएगा।

गौरतलब है कि इस मौके पर उनके पिता शकुनी चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह ईश्वर की कृपा और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने केंद्रीय नेता अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का आभार भी व्यक्त किया।