बेतिया नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की मौत पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, दो क्लीनिकों की हुई जांच

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बेतिया जिले के नरकटियागंज में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की संदिग्ध मौत के मामले ने प्रशासन को हिला दिया है। इस मामले में अब स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए दो निजी क्लीनिकों — गुप्ता हॉस्पिटल और रवि रंजन क्लीनिक — की जांच की है, जहां पीड़िता का इलाज कराया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, मैनाटांड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे गुप्ता हॉस्पिटल और रवि रंजन क्लीनिक में इलाज के लिए ले जाया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जांच टीम में नरकटियागंज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और शिकारपुर थाना पुलिस भी शामिल थे। जब टीम गुप्ता हॉस्पिटल पहुंची, तो डॉक्टर मौके से गायब मिले। उनके न होने पर कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद टीम डॉ. रंजन देवनाथ के क्लीनिक पर पहुंची और डॉक्टर से पूछताछ की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नरकटियागंज में निजी अस्पतालों में लापरवाही, इलाज में गड़बड़ी और मरीजों की मौत की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग अक्सर चुप्पी साध लेता है। अब सवाल यह उठता है कि क्या इस बार वास्तविक कार्रवाई होगी या फिर यह जांच भी केवल कागजों तक सिमट कर रह जाएगी।

Share This Article