एक नई उपलब्धि, एक नया इतिहास: बिहार के शिक्षकों और SCERT के बीच ऐतिहासिक साझेदारी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बिहार के शिक्षकों की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी Teachers of Bihar – The Change Makers (ToB) ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिहार राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने Teachers of Bihar के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है, जिसके तहत अब SCERT की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का विकास और प्रबंधन ToB की तकनीकी टीम द्वारा किया जाएगा।

एक सपने की हकीकत

20 जनवरी 2019 को शिक्षक शिव कुमार द्वारा शुरू की गई यह फेसबुक कम्युनिटी आज बिहार के शिक्षकों की पहचान बन चुकी है। इसकी शुरुआत इस उद्देश्य से हुई थी कि शिक्षकों के नवाचार, शिक्षण तकनीकों और रचनात्मक कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। यह मंच उन शिक्षकों के लिए अवसर बना, जिनकी प्रतिभा उनके स्कूल तक ही सीमित थी। दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में सीमित संसाधनों के बीच भी शिक्षा की लौ जलाने वाले शिक्षकों को Teachers of Bihar ने नई पहचान और सम्मान दिलाया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आज यह सिर्फ एक फेसबुक पेज नहीं, बल्कि 2 लाख से अधिक शिक्षकों, शिक्षा अधिकारियों और शिक्षा प्रेमियों की एक मजबूत डिजिटल कम्युनिटी बन चुका है। यह मंच शिक्षकों के नवाचारों को प्रोत्साहित करने, उनके रचनात्मक कार्यों को सामने लाने और शिक्षा प्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित है।

SCERT के साथ ऐतिहासिक करार

अब ToB की तकनीकी टीम SCERT बिहार की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया मंचों का विकास और संचालन करेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य की कमान Er. शिवेंद्र प्रकाश सुमन, Technical Team Leader, Teachers of Bihar के हाथों में होगी। उनकी अगुवाई में यह टीम SCERT की डिजिटल उपस्थिति को सशक्त बनाएगी और शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने में मदद करेगी।

एकजुटता से बड़े बदलाव संभव

Teachers of Bihar के संस्थापक शिव कुमार, जो वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नारायणपुर, विक्रम (पटना) में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, इस उपलब्धि को शिक्षकों की सामूहिक शक्ति और सकारात्मक सोच का परिणाम मानते हैं। उन्होंने कहा, “यह समझौता दर्शाता है कि जब शिक्षक एकजुट होकर कुछ बेहतर करने का संकल्प लेते हैं, तो बड़े बदलाव संभव होते हैं। यह मंच शिक्षकों के नवाचारों को पहचान देने और शिक्षा में सुधार लाने के लिए बना है। हम शिक्षक हैं, और हम ही बदलाव के निर्माता हैं।”

शिव कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में 24 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने SCERT बिहार और NCERT के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया है और पाठ्यपुस्तकों एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं में योगदान दिया है। Teachers of Bihar के माध्यम से कई शिक्षक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं। इस मंच से प्रेरित होकर ‘बालमन’, ‘बाल मंच’ और हाल ही में ‘प्रज्ञानिका’ जैसी ई-पत्रिकाओं का संपादन और विमोचन किया गया है, जिसने बिहार के छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर दिया है। यह साझेदारी यह साबित करती है कि सही सोच, साकारात्मक प्रयास और शिक्षकों की एकजुटता से बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

Share This Article