युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्के और 8 चौके लगाए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दरअसल, अपनी पारी के दौरान उन्होंने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाज़ों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाज़ी की। इससे पहले भी वह जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज़ के सामने आक्रामक अंदाज़ दिखा चुके हैं। जब उनसे इन बड़े गेंदबाज़ों के खिलाफ खेलने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उनका ध्यान हमेशा गेंद पर रहता है, न कि गेंदबाज़ के नाम पर। मैच के बाद एक हल्के-फुल्के सवाल पर उन्होंने बताया कि वह अपने जन्मदिन पर केक भी नहीं काट पाए थे, क्योंकि जल्दी सो गए थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या जीत के बाद आज केक काटेंगे, तो मुस्कुराते हुए बोले कि आज भी जल्दी सोना है, क्योंकि अगली सुबह फ्लाइट पकड़नी है।

हालांकि, अपनी बल्लेबाज़ी की सोच को लेकर वैभव ने कहा कि वह वही करने की कोशिश करते हैं जो अभ्यास के दौरान करते हैं। वह अतिरिक्त दबाव लेने के बजाय अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा रखते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता और कोच उन्हें लगातार यह समझाते हैं कि क्रिकेट एक लंबा सफर है, इसलिए ध्यान भटकाने के बजाय अपनी प्रक्रिया और खेल पर फोकस रखना जरूरी है। आउट होने के बाद चेहरे पर दिखने वाली निराशा को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा लगता है कि अगर थोड़ी देर और क्रीज़ पर टिके रहते, तो टीम के लिए कुछ और रन जोड़ सकते थे या लक्ष्य को जल्दी हासिल किया जा सकता था। यही सोच उन्हें हर बार बेहतर करने के लिए प्रेरित करती है।