सिटी पोस्ट लाइव
पटना: आईएएस संजीव हंस और गुलाब यादव से जुड़े मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध कमाई से जुड़े मामले में दो और लोगों को ईडी ने गिरफ्तार किया है। ईडी ने उत्तम कुमार डागा और पवन धुत को गिरफ्तार किया है। ईडी को उम्मीद है कि इनकी गिरफ़्तारी से इस मामले से जुड़े और बड़े राज़ खुलेंगे।
उत्तम कुमार डागा और पवन धुत पुष्पराज बजाज के रिश्तेदार हैं। पुष्पराज बजाज कोलकाता का रहने वाला है और वह पहले से ही जेल में बंद है। ईडी से मिली जानकारी के मुताबिक पुष्पराज बजाज ने संजीव हंस और उससे जुड़े लोगों की काली कमाई को ठिकाना लगाने के साथ ही कई कंपनियों के साथ दलाली करने में भी अहम भूमिका निभाई है।
पवन धुत दिल्ली स्थित धुत इन्फ्रा कंपनी प्राइवेट लिमिटेड का मालिक बताया जा रहा है। पवन धुत को दिल्ली के पॉश इलाके छतरपुर में मौजूद फॉर्म हॉउस से गिरफ्तार किया गया है। उत्तम डागा माइनिंग एंड इंजीनियरिंग कंपनी का मालिक है। उत्तम कोलकाता में सीए का काम भी करता है। उत्तम को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। ईडी की टीम दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पटना आई है।