IPL 2026: कौन हैं कूपर कोनोली? जिन्होंने आखिरी ओवर में गुजरात के जबड़े से छीनी जीत!..

Ritu Raj

आईपीएल 2026 के चौथे रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को आखिरी ओवर में हरा दिया। मुल्लांपुर की धीमी पिच पर गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। जवाब में पंजाब की टीम ने 7 विकेट खोकर अंतिम पलों में इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

जीत के महानायक: कूपर कोनोली
पंजाब की इस शानदार जीत के सूत्रधार रहे युवा खिलाड़ी कूपर कोनोली। उन्होंने दबाव की स्थिति में 44 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं, अपनी इस आतिशी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कौन हैं कूपर कोनोली?
जन्म और पहचान: 22 अगस्त 2003 को पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) में जन्मे कोनोली एक प्रतिभावान लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर हैं।
अंडर-19 कप्तानी: वह 2022 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभाल चुके है।
BBL से मिली पहचान: बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। सिडनी के खिलाफ 31 गेंद में 59 रन और अगले ही मैच में 37 गेंद में 77 रनों की पारी खेलकर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उस सीजन में उन्होंने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कमाल करते हुए 15 विकेट झटके थे।
अंतरराष्ट्रीय करियर: ऑस्ट्रेलिया के लिए कोनोली अब तक 1 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।

रिकी पोंटिंग का भरोसा और 3 करोड़ की बोली;
पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में कूपर कोनोली को 3 करोड़ रुपये में अपनी टीम के साथ जोड़ा था. हालांकि कोनोली का रिकी पोंटिंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है, लेकिन पोंटिंग उनकी प्रतिभा के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। पोंटिंग ने ही कोनोली की काबिलियत को पहचानते हुए उन्हें पंजाब किंग्स में लाने पर जोर दिया था। वह अक्सर इस युवा खिलाड़ी की तकनीक और मैच फिनिश करने की क्षमता की तारीफ करते नजर आते हैं। गुजरात के खिलाफ इस मैच में भले ही कोनोली ने गेंदबाजी न की हो, लेकिन एक ‘स्पिन-ऑलराउंडर’ के रूप में वह आने वाले मैचों में पंजाब के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं।

Share This Article