सिटी पोस्ट लाइव : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कद्दावर नेता और कई बार विधायक रह चुके कौशल यादव ने अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थामने का ऐलान कर दिया है. नारदीगंज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्होंने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि अब उनके नेता नीतीश कुमार नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव हैं. कौशल यादव ने कहा, “मैंने ठान लिया है कि अब तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के हाथों को मजबूत करना है. साल 2025 के विधानसभा चुनाव में नवादा की पांचों सीटें राजद की झोली में डालना मेरा लक्ष्य है
कभी नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले कौशल यादव के इस निर्णय से नवादा की सियासत में खलबली मच गई है. सोशल मीडिया पर उनके बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. बताया जा रहा है कि वे जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए RJD में अपनी औपचारिक एंट्री की घोषणा भी करेंगे.
कौशल यादव के इस कदम ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में नवादा जिले की लड़ाई बेहद दिलचस्प और टकराव से भरी होने वाली है. उनके इस ऐलान से RJD को नया बल और JDU को बड़ा झटका माना जा रहा है. इससे राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं. हालांकि, जेडीयू, एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनकर ही चुनावी मैदान में उतरने वाली है.