सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गया दौरे को लेकर लालू प्रसाद यादव के ‘पिंडदान’ वाले बयान पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने लालू प्रसाद यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि उनके ही बेटों और बेटियों ने उनका राजनीतिक पिंडदान कर दिया है।
लालू यादव ने पीएम मोदी के दौरे पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि प्रधानमंत्री गया में नीतीश कुमार की राजनीति का पिंडदान करने आ रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा, “लालू प्रसाद जी, आपके दो बेटे और दो बेटियों ने आपका राजनीतिक पिंडदान कर दिया है। आप तड़पते रहिए, कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।”
नीरज कुमार ने लालू यादव को “चरवाहा विश्वविद्यालय के कुलपति” भी बताया और कहा कि लालू विकास की गति से परेशान हैं, क्योंकि विकास उनके शब्दकोश में नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार में विकास को लेकर काम कर रहे हैं और यही बात लालू को परेशान कर रही है।
जदयू प्रवक्ता ने लालू यादव के परिवारवाद पर भी निशाना साधा और कहा कि पुरुषों के प्रति उनका सम्मान नहीं होना और पिंडदान नहीं होने से ही वे परेशान हैं। नीरज कुमार ने अंत में यह भी कहा कि बिहार की जनता भी उनका राजनीतिक पिंडदान करने को तैयार है। यह बयान बताता है कि बिहार की राजनीति में शब्द-युद्ध का स्तर काफी बढ़ गया है, जहां एक-दूसरे पर व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं।