सिटी पोस्ट लाइव
नेशनल अवार्ड जीतने के बाद नन्ही अदाकारा त्रिशा थोसर काफी सुर्खियों में रही। अवार्ड जीतने के बाद उन्हें कई लोगों ने शाबासी दी है। तो वहीं, दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने भी सोशल मीडिया पर नन्ही त्रिशा के लिए खुशी जाहिर की है। आइए जानते है क्या कहा।
“छोटी सी उम्र, मगर हुनर की पहचान रखती है,
ये वो शम्अ है जो ताजगी से भी जान रखती है”…
मिर्जा गालिब के अंदाज में यह शेर, प्यारी अदाकारा त्रिशा पर पूरी तरह चरितार्थ होती है। 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में उसे नेशनल फिल्म अवार्ड दिया गया है। दरअसल, साल 2023 में आई फिल्म ‘नाल 2’ के लिए त्रिशा को यह पुरस्कार मिला है। इस खास मौके पर सीनियर एक्टर कमल हासन ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दी है। कमल हासन ने अपने एक्स अकाउंट पर खुशी व्यक्त करते हुए लिखा- ”प्यारी त्रिशा थोसर मेरी तरफ से खूब बधाई आपको। आपने मेरा रिकॉर्ड तोड़ दिया है, क्योंकि जब मुझे अपना पहला पुरस्कार मिला था, तब मैं छह साल का था। बहुत बढ़िया मैडम। अपनी बेमिसाल प्रतिभा पर काम करती रहिए। घर के बड़ों को मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई’।
बता दें, कमल हासन को अपना पहला नेशनल अवॉर्ड छह साल की आयु में मिला था। और त्रिशा ने चार साल की उम्र में यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड जीता है। वहीं, ‘नाल 2’ एक मराठी फिल्म है।