कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का नया गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ रिलीज होते ही भारी विवादों में घिर गया है। संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माए गए इस गाने पर अश्लीलता फैलाने और फूहड़ बोल (लिरिक्स) इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बढ़ते विरोध को देखते हुए मेकर्स ने रिलीज के महज एक दिन बाद ही इसे यूट्यूब से हटा लिया है।

प्रमुख आपत्तियां और विरोध के स्वर;
इस गाने के खिलाफ चौतरफा विरोध देखने को मिल रहा है। मशहूर सिंगर अरमान मलिक ने गाने के लेखन पर सवाल उठाते हुए इसे ‘गिरावट की नई मिसाल’ कहा। वहीं, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी इसके कंटेंट को समाज के लिए गलत बताया है। AICWA(ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन) ने CBFC चेयरमैन प्रसून जोशी को पत्र लिखकर शिकायत की है कि भारतीय सिनेमा में ऐसे ‘डबल मीनिंग’ कंटेंट की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यूजर्स ने एक्ट्रेस नोरा फतेही के डांस स्टेप्स और एक्सप्रेशंस को ‘वल्गर’ करार दिया है। इसके बाद नोरा ने खुद अपने इंस्टाग्राम से इस गाने का वीडियो डिलीट कर दिया है।

कानूनी कार्रवाई और नोटिस;
विवाद केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब कानूनी रूप ले चुका है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर फिल्म के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। साइबर सेल में एडवोकेट और सोशल एक्टिविस्ट ने शिकायत दर्ज कराई है। इसमें गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम और संगीतकार अर्जुन जान्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।